पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फाइल फोटो: दिल्ली मेट्रो, प्रयोग के तौर पर इस्तेमाल)
नई दिल्ली। एक ऑनलाइन सर्वेक्षण में दिल्ली मेट्रो को पूर्ण ग्राहक संतुष्टि के लिहाज से दुनिया भर की 18 मेट्रो प्रणालियों में दूसरा स्थान मिला है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के एक अधिकारी के अनुसार वैश्विक मेट्रो मानदंड निर्धारण समूह ‘नोवा’ और 'कोमेट’ ने इन मेट्रो प्रणालियों के यात्रियों के बीच सर्वेक्षण किया जिसमें लंदन डीएलआर और बैंकॉक बीएमसीएल के साथ दिल्ली मेट्रो ‘नेट प्रोमोटर्स स्कोर ‘ (एनपीएस) श्रेणी में तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शकों में शामिल थे।
इस श्रेणी के तहत सर्वेक्षण में अपनी संतुष्टि के आधार पर यात्रियों के दूसरों को सेवा का इस्तेमाल करने की सिफारिश की संभावना का आकलन किया गया। इस साल 28 अप्रैल से 25 मई के बीच दुनिया के 18 बड़े मेट्रो के वेबसाइटों और सोशल मीडिया लिंक के माध्यम से दुनिया भर में 41,000 से अधिक लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
दिल्ली मेट्रो के अलावा इस सर्वेक्षण में शामिल मेट्रो प्रणालियों में हांगकांग एमटीआर, लंदन अंडरग्राउंड, मेट्रो डीमेड्रिड, पेरिस आरएटीपी, मेट्रो डी सैंटियागो, सिंगापुर एसएमआरटी, बार्सिलोना टीएमबी, ब्रुसेल्स एसटीआईबी, बैंकाक बीएमसीएल, लंदन डीएलआर, इस्तांबुल उलैसिम, कुआलालंपुर रैपिड पीएल, मेट्रोपॉलिटैनो डी लिस्बोआ, मांट्रियल एसटीएम, न्यूकैसल नेक्सस, मेट्रो रियो और टोरंटो टीटीसी हैं।
सर्वेक्षण 'यूरोपियन नॉर्म’ 13816 , के तहत किया गया और इसमें शामिल क्षेत्रों में उपलब्धता, पहुंच, इस्तेमाल करने में आसानी, यात्रा से पहले सूचना, यात्रा के दौरान सूचना, भरोसा, उपभोक्ता सेवा, आराम, भीड़-भाड़ और सुरक्षा थे। अधिकारी ने कहा कि दिल्ली मेट्रो यात्रियों ने उपलब्धता, विश्वसनीयता और भीड़भाड़ को सबसे महत्वपूर्ण तीन क्षेत्र बताया।
डीएमआरसी नोवा ग्रुप ऑफ मेट्रोज का एक सदस्य है। डीएमआरसी को अब कोमेट कॉम्युनिटी ऑफ मेट्रोज ग्रुप ऑफ मेट्रोज में जगह दी जाएगी। कोमेट दुनिया के 16 सबसे बड़े मेट्रो प्रणालियों का समूह है। इस समूह का हिस्सा बनने के लिए मेट्रो प्रणाली के यात्रियों की संख्या 20 लाख से अधिक और शहर के अपने देश का प्रधान शहर होना जरूरी है।