पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फाइल फोटो: प्रतीकात्मक)
नई दिल्ली। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर रविवार शाम तीन विदेशी नागरिकों की लोगों द्वारा पिटाई करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक महिला ने इन तीनों पर अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने इन तीनों की पिटाई कर दी। हालांकि, उस महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
तीनों विदेशी नागरिकों को हॉस्पिटल ले जाना पड़ा, क्योंकि उनके चेहरे और बाहों पर चोटें आई थीं। बताया जा रहा है कि उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हिंसा और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस घटना की इस नजरिए से भी जांच कर रही है कि कहीं यह नस्लीय भेदभाव का मामला तो नहीं है। अफ्रीकन मूल के इन तीनों में से दो जर्मन और एक बुरकिना फासो से हैं। तीनों ही लड़की के साथ छेड़छाड़ के आरोपों से इनकार कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि उसने इस मामले में संबंधित दूतावासों से भी संपर्क किया है। पुलिस मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने की सोच रही है।
दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक, मेट्रो स्टेशन पर हंगामा करीब 6 बजे के आसपास शुरू हुआ। ट्रेन से उतरने के बाद महिला ने अर्लाम बजाया, जिसके बाद तीनों को वहां मौजूद दूसरे यात्रियों ने घेर लिया। स्टेशन पर तैनात सीआईएसफ स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर इन तीनों को भीड़ से बचाया। तीनों को आरएमएल हॉस्पिटल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, महिला ने ट्रेन से उतरने के बाद स्टेशन पर खड़े प्राइवेट गार्ड को अपने साथ हुई कथित छेड़छाड़ के बारे में बताया। उसने बताया कि गार्डों ने इन तीनों को बचाया जब भीड़ ने उन्हें घेर लिया था।
इस बीच गार्डों ने महिला से मेट्रो कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि महिला कंट्रोल रूम तो गई, लेकिन बिना शिकायत दर्ज कराए वहां से चली गई।
इस घटना के कुछ घंटे बाद तक स्टेशन पर हंगामा होता रहा। लोग कंट्रोल रूम के बाहर खड़े होकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। प्रदर्शन कर रहे इन लोगों को बाद में सीआईएसएफ द्वारा हटाया गया। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन के चलते ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई और कुछ घंटों में स्थिति कंट्रोल में कर ली गई।