(फोटो : अकबर रोड पर प्रदर्शन करते कांग्रेसी कार्यकर्ता)
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में नसबंदी कैंप में महिलाओं की मौत के मामले में मंगलवार को कांग्रेस का प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के आवास के समक्ष प्रदर्शन करने का प्रयास विफल हो गया। दिल्ली पुलिस ने अजीत जोगी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के पुतले अर्थी में ले जाते कांग्रेसियों को अकबर रोड पर ही रोक दिया।
कांग्रेस मुख्यालय में एकत्र होकर प्रधानमंत्री आवास की ओर से चलते कांग्रेसियों को पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी तादाद में पहुंचे कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री के आवास में छत्तीसगढ़ में नसबंदी कैंप में हुई महिलाओं की मौत के मामले में प्रदर्शन करना और धरना देकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना चाहते थे। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के तमाम कार्यकर्ता इस विरोध में शामिल थे। वहीं प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री आवास की ओर चल पड़े कांग्रेसियों की कमान अजीत जोगी ने अकबर रोड के चौराहे पर पहुंच कर संभाल ली।
दिल्ली पुलिस को बड़ी तादाद में पहुंचे कांग्रेसियों को पीएम आवास तक जाने से रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान अकबर रोड से जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट कर दिया गया। करीब दो-ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ छंटने लगी और शाम पांच बजे तक सभी कांग्रेसियों के हौंसले पस्त हो गए। इसके बाद पीएम आवास की ओर से रुख करने की बजाय सभी प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।
गौरतलब है कि बीते दिनों छत्तीसगढ़ में नसंबदी कैंप में कई महिलाओं की चिकित्सकों की लापरवाही के चलते मौत हो गई थी। इस मामले में चिकित्सकों के खिलाफ कानूनी कदम राज्य सरकार की ओर से उठाए गए थे। लेकिन राज्य के स्वास्थ्यमंत्री को हटाए जाने की मांग को स्वीकार नहीं किया गया था।
आगे देखे प्रदर्शन की तस्वीरें।
सभी फोटो : भूपिंदर सिंह।