(फोटो : ईस्ट पटेल नगर में वीना समर्थकों द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन)
नई दिल्ली। फंड जुटाने के विवादों से घिरी आम आदमी पार्टी अब टिकट बंटवारे को लेकर अपने ही साथियों का विरोध झेल रही है। पटेल नगर से पिछले विधानसभा चुनाव में आप की प्रत्याशी रही वीना नंद को टिकट न देना पार्टी को भारी पड़ रहा है। बुधवार को वीना समर्थकों ने ईस्ट पटेल नगर में आप के कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने पार्टी संयोजक अरविंद
केजरीवाल के खिलाफ नारे भी लगाए और यह आरोप लगाया है कि आप में टिकट के बंटवारे में मनमानी हो रही है। वहीं आप ने इस मामले में संतुलित बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी योग्य प्रत्याशियों को ही मैदान में उतारेगी।
हजारी लाला चौहान को टिकट देने का हो रहा है विरोध
आप ने वीना के स्थान पर पूर्व कांग्रेसी नेता हजारी लाल चौहान को टिकट दिया है, जिसका विरोध पटेल नगर में आप के कार्यकर्ता ही कर रहे हैं, जो वीना के समर्थक भी हैं। विरोध करने वालों का दावा है कि वीना ने क्षेत्रीय कामकाज के लिए सबसे ज्यादा फंड जुटाया है और वह यहां के लोगों की पहली पंसद हैं। इसके बावजूद आप संयोजक केजरीवाल ने उन्हें टिकट नहीं दिया, जो उचित नहीं है। वीना के सचिव आसिफ ने आप के ईस्ट पटेल नगर आफिस के बाहर कहा कि टिकट के बंटवारे को लेकर पार्टी में मनमानी हो रही है। यदि आप की ओर से वीना को टिकट नहीं दिया जाएगा तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी और बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता पार्टी से अलग होकर उनका समर्थन करेंगे। करीब पांच सौ लोगों के साथ सुबह वीना सर्मथकों ने ईस्ट पटेल नगर में रैली निकाली और फिर आप कार्यालय के बाहर डेरा डाल दिया।
वीना का आरोप है कि आप में गुटबाजी हो रही है, उन लोगों को अब टिकट नहीं दिया जा रहा। जिन्होंने पिछले चुनाव में जी-जान लगाकर पार्टी को खड़ा किया। इसका जवाब पार्टी संयोजक केजरीवाल को देना होगा कि आखिर किस वजह से उन्हें टिकट नहीं दिया गया। क्या वजह थी जो कांग्रेस से अलग होने वाले हजारी लाल चौहान को वोट दिया गया। जो मौजूदा समय में 74 साल के हैं और क्षेत्रीय लोग भी उन्हें टिकट दिए जाने से खुश नहीं है। दूसरी ओर आप के शीर्ष धड़े ने इस मामले में कोई भी बयान देने से साफ इंकार कर दिया है। पार्टी ने इस मामले में संतुलित बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी सिर्फ योग्य प्रत्याशियों को ही मैदान में विधानसभा चुनाव में उतारेगी। यदि किसी को पार्टी का फैसला पसंद नहीं तो वह खुद के बारे में फैसला लेने में सक्षम है।
आगे देखिए प्रदर्शन की तस्वीरें।
सभी फोटो : भूपिंदर सिंह।