(प्रतीकात्मक फोटो)
नई ल्लिी। 26 साल की एक लड़की से अमेरिकी टैक्सी सर्विस उबर के ड्राइवर द्वारा रेप किए जाने की घटना के बाद टैक्सी कंपनी ने आज सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर एक ब्लॉग के जरिए लिखे गए माफीनामे में अपनी कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने का वादा भी किया है। इनमें यात्रियों खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा, ड्राईवरों के वेरिफिकेशन, सवारियों के फीडबैक आदि को और दुरुस्त करने का फैसला लिया गया है। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए भी पूरा सहयोग करने की बात कही है।
पीड़िता से जताई पूरी संवेदना
‘सुरक्षित दिल्ली के लिए साथ चलें’ नामक शीर्षक से लिखे गए ब्लॉग में कहा गया है कि 'नई दिल्ली में सप्ताहांत में हुई घटना का हमें खेद है और गहराई से दुखी हैं। इस भयावह घटना की शिकार पीड़िता के प्रति हमारी पूरी संवेदनाएं हैं। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हम हर प्रकार से संबंधित प्राधिकरणों का सहयोग कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। इस घटना के बाद हम अपने कार्यप्रणाली को और दुरुस्त बनाने की दिशा में कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहे हैं। हम सत्यापन प्रकिया, राइडर प्रतिक्रिया की ऑडिट कर रहे हैं। हम राइडर फीडबैक पर तत्काल कार्रवाई और उसकी पुन: समीक्षा की व्यवस्था को तत्काल लागू करने जा रहे हैं।'
ड्राइवरों की पृष्ठभूमि की दोबारा जांच कराएगी कंपनी
इसके साथ ही कंपनी ने कहा है कि अपने सभी ड्राइवरों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया का आंकलन कर रही है। साथ ही भारत में अपने सभी ड्राइवरों की पृष्ठभूमि की दोबारा जांच कराई जाएगी। इसके अलावा यात्री सुरक्षा खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।