नई दिल्ली। उबेर केब रेप कांड की पीड़िता उन हजारों लोगों में शामिल थी जो कि 16 दिसंबर 2012 के निर्भया गैंगरेप के विरोध में सड़कों पर उतरे थे। इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक खबर के मुताबिक पीड़िता के पिता ने यह बताया है कि निर्भया गैंगरेप के विरोध में वह भी अपनी बेटी के साथ विरोध प्रदर्शनों और कैंडल लाइट मार्चों में शामिल हुए थे।
पिता ने बताया कि उनकी लड़की अपना विरोध दर्ज कराने जंतर-मंतर गई, इंडिया गेट गई इतना ही नहीं उसने विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए ऑफिस से छुट्टी भी ली थी। पिता के मुताबिक वह खुद तो जाती ही थी साथ ही अपने दोस्तों को भी निर्भया के लिए आवाज़ उठाने को कहा करती थी।
पिता ने बताया कि वह खुद भी इन विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेते थे। उन्होंने कहा, मैं वहां रोज जाता था। यह विरोध किसी एनजीओ या राजनीतिक दल की ओर से आयोजित नहीं किया गया था, यह सिर्फ लोगों के गुस्से का प्रतिनिधित्व था। हर किसी का यह अधिकार है कि वह सुरक्षित महसूस करे।’
लड़की के पिता ने यह भी बताया कि कुछ नेताओं ने पुलिस से संपर्क कर उनकी बेटी से मीटिंग करनी चाही लेकिन उनकी लड़की ने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल, नेता या संगठन के प्रतिनिधी से नहीं मिलेगी। लड़की के पिता का कहना है, ‘मेरी बेटी ने मुझसे कहा है कि वह किसी से बात नहीं करना चाहती। हम इन सबसे दूर रहना चाहते हैं। हम पुलिस का पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं।’ लड़की के पिता ने 24 घंटे के भीरत आरोपी शिवकुमार यादव को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तारीफ की। पिता ने यह भी कहा वह पुलिस जांच से पूरी तरह संतुष्ट है।