(फाइल फोटो : प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल)
नई दिल्ली। कैब रेपकांड से सचेत हुई दिल्ली पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक हैल्पलाइन शुरू करने जा रही है। इस हैल्पलाइन के जरिए पुलिस उस कैब को ट्रैक करेगी, जिसमें अकेली महिला सवार होगी। इसके लिए पुलिस की ओर से एक
मोबाइल नंबर जारी किया जाएगा। उस मोबाइल नंबर पर ऑटो या टैक्सी का वाहन नंबर एसएमएस के जरिए भेजना होगा।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक वाहन का नंबर मिलते ही टैक्सी या आटो को जीपीआरएस के माध्यम से ट्रैक पर रखा जाएगा। विशेष तौर पर वाहन के रूट पर गौर किया जाएगा। यदि गलत रूट पर वाहन जाता है तो तत्काल वाहन में सवार महिला को सचेत किया जाएगा। साथ ही संबंधित क्षेत्र की पुलिस को भी सूचित किया जाएगा।
गौरतलब है कि पहले भी दिल्ली पुलिस की ओर से कई बार सीधे तौर पर महिलाओं के लिए हैल्पलाइन शुरू की हैं। जो वास्तविकता में कारगर साबित हुई हैं। लेकिन यह हैल्पलाइन अलग होगी, जो महिला से बातचीत के बगैर ही अपनी सेवाएं देगी और जरूरत पड़ने पर ही महिला को पुलिस का सामना करना होगा।