नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता
अजय देवगन ने थिएटर के किराए से जुड़े विवाद के मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। देवगन ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश को सर्वोच्च अदालत में चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने अभिनेता को निचली अदालत में पेश होने के आदेश से छूट देने से इनकार कर दिया था।
मालदा थियेटर की ओर से मुंबई की स्माल कॉज कोर्ट में देवगन की ओर से किराए का भुगतान नहीं किए जाने के संबंध में सिविल सूट दायर किया गया था। निचली अदालत ने थियेटर की ओर से दायर दावे पर देवगन को तलब किया था। देवगन ने पेश होने से इनकार करते हुए कोर्ट से मांग की थी कि उनका पेश होना संभव नहीं। साथ ही उन्होंने इससे छूट देने की मांग की थी। लेकिन निचली अदालत ने उन्हें छूट देने से इंकार कर दिया था। इसके बाद देवगन ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट ने भी उनकी मांग को रद्द कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली है।
देवगन ने शीर्षस्थ अदालत से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए बयान लिए जाने या फिर अदालत की ओर से रजिस्ट्रार को भेजकर बयान की व्यवस्था के संबंध में आदेश जारी किए जाने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट में आज इस मुद्दे पर होने वाली सुनवाई तकनीकी कारणों से टल गई।