(फाइल फोटो)
नई दिल्ली। सारदा घोटाले में हो रही कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताने संबंधी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए भाजपा ने आज कहा कि वह इस आशंका को लेकर घबरा गई हैं कि कहीं इसमें उनके खुद के शामिल होने की बात सामने ना आ जाए।
भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ममता का यह कहना कि प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो उन्हें गिरफ्तार करके दिखाएं– का कोई मतलब नहीं है। अगर घोटाले से ममता बनर्जी से जुड़ी कोई बात सामने आती है तो सीबीआई उसकी जांच करेगी और उनसे पूछताछ करेगी। यह सीबीआई का काम है कि वह मामले को देखे, मेरी नहीं।
लेखी ने कहा, अगर बनर्जी ने इस षडयंत्र सारदा घोटाला को लेकर कुछ गलत किया है और अगर सारदा घोटाले से उनका कोई तार जुड़ता दिखा, तब उनकी यह हिम्मत और सारी हेकड़ी चली जाएगी, क्योंकि तब पुलिस अपना काम करेगी।
पार्टी के एक और प्रवक्ता जीवीएल नरसिंह राव ने भी ममता को आड़े हाथ लेते हुए कटाक्ष किया, वह सारी हिम्मत हार चुकी हैं और उससे उलट दिखने के लिए ऐसे साहसिक बयान दे रही हैं। दूसरी ओर इस आपराधिक षडयंत्र के बारे में वह कुछ नहीं कह रही हैं जिसमें उनकी पार्टी के कुछ नेताओं की संलिप्तता की बात सामने आ रही है।
राव ने कहा, वह संभवत इस बात से घबरा गई हैं कि कहीं इस घोटाले में उनकी खुद की संलिप्तता की बात सामने नहीं आ जाए। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को उस समय शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, जब उसके परिवहन मंत्री मदन मित्रा को कल सीबीआई ने सारदा घोटाले के संदर्भ में गिरफ्तार कर लिया।