नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। सभी 70 सीटों के नतीजे आ गए हैं। आम आदमी पार्टी ने जहां 67 सीटें जीत ली हैं वहीं बीजेपी को सिर्फ 3 ही सीटें हासिल हुईं हैं। कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी।
बीजेपी की सीएम पद की उम्मीदवार
किरण बेदी कृष्णा नगर सीट से चुनाव हार गईं। इस सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता था लेकिन किरण बेदी यहां से चुनाव नहीं जीत सकीं। उन्हें आम आदमी पार्टी के एस.के. बग्गा ने हराया।
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से जीत गए हैं। वहीं दूसरी ओर कभी बीजेपी के सीएम उम्मीदवारों में देखे जा रहे जगदीश मुखी जनकपुरी से हार गए हैं। वहीं अजय माकन सदर बाजार से चुनाव हार गए हैं। अजय माकन तीसरे नंबर पर रहे उन्हें सिर्फ 16331 वोट मिले।
नेता विपक्ष के जरूरी 7 सीटें भी नहीं जीत पाई बीजेपी
दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत इतनी बड़ी है की दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष का पद पाने के लिए जरूरी सात सीटें भी बीजेपी नहीं जीत सकीं। हालांकि कुमार विश्वास ने ट्वीट कर कहा कि बीजेपी सात सीटें नहीं जीत पाई हैं लेकिन हम बीजेपी को नेता विपक्ष का पद देंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र स्वीकार से चलता है।
केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा जरा भी घमंड मत करना
जीत के इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जरा सा भी अहंकार न करें। उन्होंने कहा कि अगर हमने अंहकार किया तो हमारा भी वही हश्र होगा जो बीजेपी और कांग्रेस का हुआ हैं। उन्होंने कहा कि जनता की मदद से हम दिल्ली को एक ऐसा शहर बना सकते हैं जिसपर अमीर-गरीब दोनों गर्व कर सकें।
केजरीवाल ने कहा मैं आज अपनी पत्नी को खींचकर लाया हूं
अरविंद केजरीवाल के साथ इस मौके पर उनकी पत्नी और उनकी पिता जी भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा, ‘ये मेरी पत्नी हैं। ये कभी भी सामने नहीं आती। क्योंकि ये सरकार में काम करती हैं। एक डर लगा रहता है।कहीं सरकार इनके खिलाफ एक्शन न लेले. मैं इन्हें आज खींचकर ले आया। मैंने कहा, डरो मत, सरकार कोई एक्शन नहीं लेगी। दोस्तों, जो भी मैं मेहनत करता हूं।वह इनके बिना मुमकिन नहीं हो पाती।’
उन्होंने कहा, ‘ये मेरे पिता जी हैं. हमारे बुजुर्गों का आशीर्वाद और हमारे परिवार का त्याग और सपोर्ट, जो कुछ भी हम कर रहे हैं, उसके लिए बहुत जरूरी है।’
आगे देखिए आप दफ्तर के बाहर जश्न की तस्वीरें।
सभी फोटो - भूपिंदर सिंह।