नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने उन खबरों को गलत बताया है जिनमें कहा गया है कि वह कांग्रेस छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को छोड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। इससे पहले मीडिया में इस तरह की खबरें आई थी कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा उन्हें लेकर जो बयान दिया गया उससे वह दुखी हैं और कांग्रेस छोड़ सकते हैं।
गौरतलब है कि आज ही शीला दीक्षित ने कहा है कि अजय माकन कांग्रेस के प्रचार प्रमुख थे, प्रचार आक्रामक होना चाहिए था और जनता को पार्टी द्वारा किए गए कार्यों से अवगत कराया जाना चाहिए था। शीला दीक्षित ने कहा, ‘अजय माकन के बारे में क्या कहूं, तरस आता है उन पर।’
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का कहना था कि उन्हें यह अंदाजा हो गया था कि कांग्रेस चुनाव में बुरी तरह हारेगी। उन्होंने कहा कि यह बात पहले इसलिए नहीं कही क्योंकि ऐसा कहने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बुरा प्रभाव पड़ता। हालांकि उन्होंने यह मानने से इनकार कर दिया कि कांग्रेस दिल्ली में खत्म हो गई है। उन्होंने कहा, 'इसमें कोई शक नहीं की कांग्रेस बुरी तरह हारी है लेकिन इसका मतलब यह नहीं की दिल्ली में कांग्रेस खत्म हो गई है।'
शीला दीक्षित ने कहा कि अब
केजरीवाल को बहुमत हासिल हैं उन्हें वे सारे वादे पूरे करने चाहिए जो उन्होंने जनता से किए हैं।
दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई। पार्टी के ज्यादातर उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई। सदर बाजार से चुनाव लड़ रहे अजय माकन खुद तीसरे नंबर रहे। 70 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। वहीं केंद्र में सत्तारूढ भाजपा सिर्फ तीन सीटों पर जीत मिली थी।