नई दिल्ली। रहस्यमय परिस्थितियों में
सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में उनके पुत्र शिव मेनन से पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) कल पूर्व केंद्रीय मंत्री
शशि थरूर से आगे पूछताछ करेगा।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर बी. एस. बस्सी ने कहा, ‘जिन गवाहों से अब तक पूछताछ की गई, उनके बयानों की हम पड़ताल कर रहे हैं और कुछ अन्य गवाहों से आज पूछताछ की जाएगी। थरूर से कल फिर पूछताछ की जाएगी क्योंकि हमें कुछ बिन्दुओं पर उनसे स्पष्टीकरण चाहिए।‘
यह पूछे जाने पर कि क्या थरूर के घरेलू सहायक नारायण सिंह से फिर पूछताछ की जाएगी, बस्सी ने कहा, ‘जो गवाह घर पर या होटल में मौजूद थे, उनसे कुछ स्पष्टीकरण प्राप्त करने की जरूरत है।’ उन्होंने कहा, ‘बयानों की पड़ताल के बाद कुछ चीजें उभरी हैं लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही हम निष्कर्ष पर पहुंचेंगे।’ मेनन से पांच फरवरी को एसआईटी ने पूछताछ की थी।
मामले की जांच कर रहा पुलिस दल अब तक 15 लोगों से पूछताछ कर चुका है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर, उनके कर्मचारियों और करीबी मित्रों आदि से पूछताछ की। पुलिस ने सपा के पूर्व नेता अमर सिंह और वरिष्ठ पत्रकार नलिनी सिंह से भी पूछताछ की है।