पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली : दिल्ली के सीएम पद की शपथ लेने से पहले ही अरविंद केजरीवाल काम में जुट गए हैं। आज सुबह उन्होंने सबसे पहले शहरी विकासमंत्री वेंकैया नायडू से मुलाकात की और इसके बाद वह राजनाथ सिंह से भी मिले। इस दौरान केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे।
सिसोदिया ने वेंकैया नायडू मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘हमने मंत्री के साथ चार बड़े मुद्दों पर चर्चा की। पहला, गरीबों के मुद्दे जैसे उनके लिए मुआवजे पर चर्चा की, हमें उसके लिए केंद्र सरकार की मदद की आवश्यकता होगी। दूसरे, अनधिकृत कालोनियों के मुद्दे पर चर्चा की जिस पर केंद्र ने हाल में एक प्रस्ताव पारित किया था। अत: इसे आगे ले जाने के लिए एमसीडी, डीडीए और केंद्र से मदद की जरूरत होगी।’
उन्होंने कहा, ‘हमने उनसे अधिक स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और पार्किंग के लिए कहा। इसके लिए काफी जमीन की जरूरत होगी। इसलिए हमने डीडीए के पास मौजूद जमीन के लिए आग्रह किया है। और अंत में पूर्ण राज्य के दर्जे पर बात की । हमें पूर्ण आश्वासन दिया गया है कि किसी राजनीतिक भेदभाव के बिना हमें उनका सहयोग मिलेगा।’
अरविंद केजरीवाल आज शाम साढ़े 6 बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से भी मिलेंगे। वह कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक केजरीवाल कल सुबह साढ़े दस बजे पीएम से मिलेंगे। वह पीएम को 14 फरवरी को होने जा रहे शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित भी करेंगे।
वैलेंटाइन-डे को लेंगे शपथ
अरविंद केजरीवाल के लिए एक बार फिर से वैलेंटाइन-डे खास बनने जा रहा है। अरविंद केजरीवाल 14 फरवरी को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गौरतलब है कि पिछले साल 14 फरवरी को ही अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया था और पूरे एक साल बाद फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। अरविंद केजरीवाल साथ उनके कुछ मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।