पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल के नए मंत्रिमंडल में जगह नहीं पाने वाले आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती ने आज कहा कि उन्होंने सरकार में कोई जिम्मेदारी न लेने का फैसला अपनी मर्जी से किया है क्योंकि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र को एक आदर्श के रूप में स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।
मालवीय नगर के विधायक सोमनाथ भारती ने ट्वीट किया, ‘मैं सभी कयासों पर विराम लगाता हूं। मैंने सरकार में कोई जिम्मेदारी न लेने का फैसला अपनी मर्जी से किया है और यह इसलिए नहीं है कि मुझमें कोई अवगुण है।’ उन्होंने लिखा, ‘मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र को एक आदर्श के रूप में स्थापित करने की ओर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं और अपने पूरे समय एवं उर्जा का इस्तेमाल इसी के लिए करना चाहता हूं।’ भारती के ट्वीट के जवाब में दिल्ली के मनोनीत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्हें भारती पर गर्व है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘भारती, मुझे आप पर गर्व है।’
दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री भारती, उन चार मंत्रियों में से हैं, जिन्हें इस बार मंत्री पद नहीं दिए गए हैं। उन्हें केजरीवाल का बेहद करीबी भी माना जाता है। आप के सूत्रों ने कहा कि भारती को तब तक मंत्रिमंडल से दूर रखा जाएगा, जब तक अफ्रीकी महिलाओं के मकान पर आधी रात को मारे गए छापे से जुड़े मामले में उनका नाम पाक-साफ घोषित नहीं हो जाता। सूत्रों के अनुसार, राखी बिड़लान, सौरभ भारद्वाज और गिरीश सोनी वे अन्य तीन विधायक हैं, जो नए मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे।