चंडीगढ़। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी(एसटीए) चंडीगढ़ ने शनिवार को किसान भवन राउंड अबाउट सेक्टर-३५ में स्पेशल चैकिंग डीजल ऑटोरिक्शा को लेकर चलाई। यहां पर सुबह ही एडिशनल सेक्रेटरी एसटीए और मोटर व्हीक्ल इंस्पेक्टर ने नाका लगाकर ओवरलोडेड और यहीं पर खड़े रहने वाले ऑटोरिक्शा के चालान किये और कुछ को इंपाउंड भी किया गया है। करीब ५० ऑटोरिक्शा के चालान यहां पर किये गए हैं। एसटीए अफसरों की तरफ से ऑटोरिक्शा चालकों को कहा गया है कि वे ओवरलोडिंग करते हैं तो उन पर मोटर व्हीक्ल एक्ट के तहत हेवी पेनल्टी लगाई जाएगी या फिर उनके ऑटोरिक्शा जब्त किये जाएंगे।
प्रशासन के ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की तरफ से कहा गया है कि फिलहाल पंजाब और हरियाणा की तरफ से आने वाले ऑटोरिक्शा पर चैक रखने के लिए कुछ एंट्री प्वाइंट्स पर स्पेशल नाके रेगुलर लगाए जाएं ताकि ओवरलोडिंग करने वाले ऑटोरिक्शा पर कंट्रोल किया जा सके। एसटीए की तरफ से कहा गया है कि हर रोज ओवरलोडेड ऑटोरिक्शा को पकड़ने के लिए स्कूलों के बाहर भी और अन्य राउंड अबाउट्स पर नाके लगाए जाएंगे।