चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी डायरेक्टर स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज मेंस बेसबॉल चैंपियनशिप में एसजीजीएस कॉलेज चंडीगढ़ और डीएवी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन कर अपने अपने लीग मुकाबलों में जीत दर्ज की है। पीयू कैंपस में हुए मुकाबले में एसजीजीएस कॅालेज ने जीजीडी एसडी कॉलेज चंडीगढ़ को १२ के मुकाबले १० अंकों से हराया।
दोनों के बीच मैच बेहद कांटे का रहा। दोनों ही टीमें एक एक अंक के साथ आगे बढ़ती रहीं लेकिन एसजीजीएस कॉलेज अंतिम समय में दो ज्यादा अंक हासिल करने में कामयाब रहा। वहीं डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ ने पीयू कैंपस को कड़े मुकाबले के बाद ३ के मुकाबले दो अंकों से मात दे दी। यहां भी कांटे का मुकाबला हुआ और दोनों टीमें एक एक अंक के लिए संघर्ष करती रहीं।
एमसीएम कॉलेज को बास्केटबॉल में जीत: इंटर कॉलेज वुमेंस बास्केटबॉल चैंपियनशिप में एमसीएम कॉलेज ने पीजी गवर्नमेंट कॉलेज ११ चंडीगढ़ को ३० के मुकाबले १८ अंकों से हरा दिया। दोनों के बीच ज्यादा संघर्ष देखने को नहीं मिला। एमसीएम डीएवी कॉलेज की टीम शुरुआत से ही मैच पर हावी रही। वहीं एक अन्य मुकाबले में जीजीएस कॉलेज फॉर वुमेंस चंडीगढ़ ने डीएवी कॉलेज को ४५ के मुकाबले २३ अंकों से हरा दिया।