(ऐलनाबाद के विधायक व इंडियन नेशनल लोक दल के नेता चौधरी अभय सिंह)
चंडीगढ़। ऐलनाबाद के विधायक व इंडियन नेशनल लोक दल के नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला का प्रदेश में हलका स्तरीय बैठकों का दूसरा चरण सोमवार 15 सितंबर से आरंभ होकर 26 सितंबर तक चलेगा। यह जनसंपर्क अभियान 26 विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा। इस कड़ी में 15 सितंबर को पहली हलका स्तरीय बैठक कैथल जिले के कलायत में होगी।
इसके बाद पुंडरी, गुहला व कैथल शहर में भी हलका स्तरीय बैठकें होंगी।16 सितंबर को जींद जिले के नरवाना, उचाना, जुलाना, सफीदों व जींद शहर में कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। 17 सितंबर को इनेलो नेता अभय चौटाला
सोनीपत जिले के गोहाना व बरोदा में बैठक लेंगे तत्पश्चात इसी दिन पानीपत के इसराना, करनाल जिले के घरौंडा व असंध तथा कुरुक्षेत्र जिले के पेहवा में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें चुनावों संबंधी उचित दिशा निर्देश देंगे।
18 सितंबर को बैठकों की कड़ी में रोहतक जिले के कलानौर, महम व किलोई तथा झज्जर जिले में बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। 19 सितंबर को अभय सिंह चौटाला
सोनीपत के खरखौदा, राई व गन्नौर तथा पानीपत ग्रामीण हलका में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
जनसंपर्क अभियान के दूसरे चरण की अंतिम तिथि 20 सितंबर को इनेलो नेता जिला झज्जर के बादली, बेरी व झज्जर शहर में कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें चुनावी गतिविधियों से संबंधित आवश्यक टिप्स देंगे। उल्लेखनीय है कि पार्टी के शीर्ष नेताओं के दिशा निर्देशानुसार हरियाणा को चार जोनों में बांटकर पार्टी नेताओं की जनसंपर्क अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है। ये जिम्मेदारी इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के अलावा इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा 16 हलके, हिसार के सांसद चौधरी दुष्यंत सिंह चौटाला व इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद अवतार सिंह भडाना संयुक्त रूप से 21 हलके व दिग्विजय सिंह चौटाला भी 21 हलकों में पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।
प्रदेश के 6 हलकों में इनेलो नेता कर्ण सिंह चौटाला हलका स्तरीय बैठकें लेंगे। अहम बात ये है कि उपरोक्त इनेलो नेता जहां अपने-अपने हलकों में कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीतियों से वाकिफ कराएंगे वहीं आगामी 25 सितंबर को जींद में प्रस्तावित चौधरी देवीलाल जयंती पर होने वाले सम्मान समारोह के लिए भी आमंत्रित करेंगे।