चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव में भाजपा कोई रिस्क नहीं लेना चाह रही है। ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशी जिताने के लिए पार्टी ने अचूक रणनीति तैयार की है। प्रचार के लिए तीन राज्य, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश और यूपी से पांच सौ कार्यकर्ता व नेताओं की टीम को विशेष प्रचार के लिए लगाया जाएगा। टीम प्रदेश के ९० विधानसभा क्षेत्र में हर मंडल स्तर पर काम करेगी। इसके साथ ही एक एक बूथ दस यूथ की नीति पर काम किया जाएगा। प्रचार के लिए पीएम
नरेंद्र मोदी समेत राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह और बड़े नेता भी नियमित दौरे करेंगे।
भाजपा के सूत्रों के मुताबिक प्रचार के लिए बड़े नेता जहां जनसभाओं पर जोर देंगे, वहीं टीम वोटर के बीच में रहकर उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने का काम करेगी। इस टीम में खास तौर पर ऐसे कार्यकर्ताओं को लगाया गया है जो यूपी में काम कर चुके हैं। यूपी में शाह के साथ काम कर चुकी टीम के साथ मध्य प्रदेश में कैलाश विजयवर्गीय और हिमाचल से जेडी नाडा के नेतृत्व में प्रचार टीम काम करेगी।
एक अक्टूबर से भाजपा तेज करेगी प्रचार
पार्टी की योजना है कि एक अक्टूबर से प्रचार को फूल स्पीड दे दी जाए। इसके लिए पार्टी ने जो रणनीति तैयार की इसमें स्थानीय मुद्दों के साथ साथ केंद्र में भाजपा के १०० दिन के कार्यकाल में हुए कार्यकाल को भी मतदाता को बताया जाएगा। प्रचार की समय समय पर समीक्षा की जाएगी।
इसी सप्ताह आ सकती है एक और लिस्ट
बुधवार तक एक और लिस्ट जारी करने की तैयारी भाजपा ने पूरी कर ली है। अभी तक पार्टी ने 43 सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित किए है। अगली सूची में पार्टी हालांकि बाकी के ४७ प्रत्याशी तो घोषित नहीं करेगी, लेकिन कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशी घोषित किए जाए।