चंडीगढ़। कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली पंजाब पुलिस की जूडो प्लेयर राजविंदर कौर अब एशियन में भी मेडल की जंग लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भोपाल में कोचिंग कैंप के बाद कोरिया जाने की तैयारी कर रही राजविंदर ने बताया कि एशियाड में चार जूडो खिलाड़ी जा रहे हैं और सभी की तैयारी काफी अच्छी हुई है। कोरियन और भारतीय कोच की देखरेख में हम सभी ने कड़ी मेहनत की है।
७८ भार वर्ग में खेलने वाली राजविंदर ने कहा कि हर खिलाड़ी चाहता है कि वह मेडल लेकर लौटे और उनकी भी यही कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ में मेडल जीत कर एशियन गेम्स के लिए मोटिवेटश बढ़ा है। यह मेडल जहां कोचेज की ट्रेनिंग की वजह से आया वहीं उनके पति और पूर्व इंटरनेशनल जूडोका कुलजिंदर सिंह की काफी मेहनत रही।
बतौर राजविंदर उन्होंने हमेशा मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और यही वजह है कि वह आज इस मुकाम पर हैं। इस सफर में काफी मुश्किले भी आई और अपने तीन साल के बेटे से भी दूर रहना पडता है लेकिन जब आप देश के लिए खेल रहे होते हैं तो काफी कुछ छोड़ना भी पड़ता है। राजविंदर के साथ पंजाब के नवजोत चानना भी पदक के दावेदारों में शामिल हैं। नवजोत ने भी कॉमनवेल्थ में सिल्वर मेडल हासिल किया था।