चंडीगढ़। चंडीगढ़ में प्लास्टिक के केरी बेग्स पर प्रशासन ने पूरी तरह से बैन लगा दिया है लेकिन बावजूद इसके अभी भी धड़ल्ले से केरी बेग्स सिटी ब्यूटीफुल में यूज किया जा रहा है। सोमवार को एसडीएम ईस्ट दानिश अशरफ की प्रमुखता में इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में केरी बेग्स को लेकर छापेमारी की गई। यहां चार दुकानों में करीब 40 क्विंटल प्लास्टिक केरी बैग्स जब्त किये गए हैं। इस छापेमारी के दौरान एफडीएसओ व अन्य प्रशासन के इंप्लाइज भी थे।
अधिकारियों की तरफ से कहा गया है जब्त किये गए पूरे सामान को डंपिंग ग्राउंड में डिस्ट्रॉय किया जाएगा। सुबह करीब 11.30 बजे एसडीएम की प्रमुखता में टीम इंडस्ट्रियल एरिया छापेमारी के लिए पहुंची। यहां पर करीब 2.30 बजे तक अलग अलग दुकानों में छापेमारी की गई और प्लास्टिक केरी बैग्स जब्त किये गए हैं। एसडीएम इस बारे में अब डीसी को रिपोर्ट सौंपेंगे। एसडीएम दानिश अशरफ के मुताबिक आगे भी इस तरह की इंस्पेक्शन अलग अलग एरिया में की जाएगी ताकि चंडीगढ़ को प्लास्टिक कैरी बैग्स मुक्त बनाया जा सके। यहां के दुकानदारों को वार्निंग भी दी गई है कि वे दोबारा प्लास्टिक बैग्स न तो बनाएं और न ही इनको अपने यहां पर जमा करें।