(पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल)
चंडीगढ़। घग्घर में बढ़ रहे प्रदूषण पर चिंता जताते हुए सीएम प्रकाश सिंह बादल ने हिमाचल प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह से दोनों राज्यों की एक संयुक्त रूपरेखा तैयार करने को कहा है और इसके लिए जल्द ही दोनों राज्यों के अफसरों की एक संयुक्त मीटिंग बुलाने के लिए पत्र लिखा है।
अपने पत्र में बादल ने कहा, घग्घर का पानी बेहद प्रदूषित हो गया है। हिमाचल के कई शहरों का सीवरेज वाटर इसमें मिल रहा है जिससे यह पीने लायक नहीं रहा है। उन्होंने कहा, पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने घग्घर के प्रदूषण के कारणों की जांच के लिए एक सर्वेक्षण किया है जिसमें सामने आया है कि नाहन, काला अंब और परवाणु जैसे इलाकों के सीवरेज और उद्योगों का अनट्रीटेड वाटर विभिन्न चो और ड्रेनों के माध्यम से इसमें मिल रहा है। उन्होंने हिमाचल के सीएम से कहा कि वह अपने राज्य के संबंधित विभागों के अफसरों से कहें कि वे इस गंदे पानी को साफ करके ही घग्घर में डालें।
बादल ने इस बात पर भी जोर दिया कि गंदे पानी को साफ करके घग्घर नदी के चो और ड्रेनों में डालने के काम की निगरानी के लिए दोनों राज्यों के उच्च अधिकारियों की एक संयुक्त कमेटी बनाई जाए। उन्होंने आगे कहा, इसके लिए वीरभद्र सिंह शिमला में एक उच्च स्तरीय मीटिंग रख लें ताकि इस समस्या का हल निकल सके। उन्होंने कहा, यह जनहित का मसला है इसलिए घग्घर के प्रदूषण पर जल्द से जल्द काबू पाया जाना चाहिए।