चंडीगढ़। प्रोफेशनल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित दूसरे कॉरपोरेट कप के सेमीफाइनल में चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ होटल्स ने अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर्स को ३८ रन से हराकर फाइनल में स्थान बना लिया है। बरवाला क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए १७.४ ओवरों में सभी विकेट खोकर ९६ रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए फैज ने ३५ और अभिलाष ने १२ रन बनाए। अर्थ टीम की ओर से राजेश ने पांच बल्लेबाजों को चलता किया जबकि सविंद्र ने तीन विकेट लिए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर्स की टीम १७.३ ओवरों में महज ५८ रन बनाकर सिमट गई। लव ने १५ और राहुल ने ११ रन बनाए। बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। चंडीगढ़ होटल्स की ओर से प्रकाश ने ५ रन देकर तीन बल्लेबाजों को चलता किया जबकि फैज और मनदीप ने २-२ विकेट लिए। वहीं एक अन्य मुकाबले में पीजीआई ने कुडोस को रोमांचक मुकाबले में १ रन से हरा दिया। मैच में पीजीआई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए २० ओवरों में ९ विकेट पर १२७ रन बनाए थे जिसके जवाब में कुडोस की टीम १९.५ ओवरों में १२६ रन बनाकर सिमट गई।