- Hindi News
- टीम में स्टार नहीं, लेकिन डॉल्फिंस के हौसले बुलंद
टीम में स्टार नहीं, लेकिन डॉल्फिंस के हौसले बुलंद
चंडीगढ़। चैंपियंस लीग टी२० में हिस्सा लेने आई द.अफ्रीकी टीम में डॉल्फिंस में भले ही कोई स्टार खिलाड़ी नहीं है लेकिन उसके हौसले पूरी तरह से बुलंद है। मैच से पहले मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंचे टीम के कप्तान मोर्ने वेन वायक ने कहा कि हम यहां पर सिर्फ जीतने आए हैं। हमारे पास भले ही कोई स्टार खिलाड़ी नहीं है लेकिन टीम बैलेंस है। हमारे पास एक्सपीरियंस भी है और युवा जोश भी। टीम में चार खिलाड़ी ३० के करीब हैं और दो १८ साल के। हम यहां अच्छा क्रिकेट खेलेंगे। हम मुकाबले के लिए तैयार हैं।
टीम के पास कोई स्टार खिलाड़ी भले ही न हो लेकिन उसके कोच का नाम लेना ही काफी है। टीम के कोच मशहूर ऑलराउंडर लांस क्लूजनर हैं जो अपनी रणनीति के लिए भी जाने जाते हैं। मीडिया से बात करते हुए क्लूजनर ने कहा कि ये एक शानदार फॉर्मेट है। हम अपने देश में काफी टी२० क्रिकेट खेलते हैं। हमें उसका फायदा मिलेगा। वहीं अगर पिचों की बात की जाए तो हम यहां के विकेट स्पिनिंग ट्रैक है और हमें ऐसी पिचों पर खेलने की आदत है। हम यहां पर क्वालिटी क्रिकेट खेलेंगे।