चंडीगढ़। डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुखबीर बादल पंजाब में निवेश के दो दिन के लिए हैदराबाद और चेन्नई के उद्योगपतियों से मिलेंगे। उनका दो दिवसीय दौरा वीरवार से शुरू होगा जिसके तहत पहले वह चेन्नई में मुरूगप्पा ग्रुप से मिलेंगे । उसके बाद अपोलो अस्पताल ग्रुप के चेयरमैन डॉ प्रथप सी रेड्डी से मुलाकात करेंगे।
इसके अलावा उनके फलेक्टोनिक्स ग्रुप के अशोक धवन और टैफे ग्रुप की चेयरपर्सन मल्लिका श्रीनिवासन से भी मिलने का कार्यक्रम है। इनके साथ हेल्थ, फूड प्रोसेसिंग, बायोटेक्नॉलॉजी, लाइट इंजीनियरिंग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का पता लगाया जाएगा।
हैदराबाद में सुखबीर जीएमआर ग्रुप के सीईओ उदय नायडू से मुलाकात के बाद आईसीआईसीआई नॉलेज पार्क के दीप नविता चट्टोपाध्याय और अलेगेंडरिया बायोटेक पार्क के अमृतांशु राय से बायोटेक के क्षेत्र पर बात करेंगे। इसी शाम वह नुजीवीडू सीड्ज के प्रतिनिधि प्रभाकर राव और जीवीके ग्रुप के अशोक अतलुरी को पंजाब में तकनीकी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं के बारे में बादल की ओर से बताया जाएगा।
सुखबीर बादल ने इन सभी बड़े उद्योगपतियों को पंजाब ब्यूरो आफ इन्वेस्टमेंट ब्यूरो के बारे में भी बताएंगे जहां एक ही जगह हर किस्म की मंजूरी मिल सकेगी। उन्होंने कहा, यह ब्यूरो पूरे देश में केवल पंजाब ने ही बनाया है और हाल ही में केंद्र सरकार के आला अफसरों ने भी इसकी स्टडी की है।
इसके अलावा पंजाब सरकार निवेश करवाने के लिए किन किन रियायतें दे रही है उसके बारे में भी उन्हें बताया जाएगा। उन्होंने कहा, निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार वेट, केंद्रीय सेल टैक्स, बिजली ड्यूटी के अलावा प्रापर्टी टैक्स आदि पर भी छूट दे रही है।