चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली में स्थित बंगला नंबर 13 को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह का स्मृति भवन बनाए जाने की मांग की है। इस संबंध में केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू को लिखे पत्र में सीएम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह से यह आवास खाली करवाने और बिजली-पानी कनेक्शन काटे जाने को गलत कदम बताया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा है कि तुगलक रोड स्थित बंगला नंबर-12 के साथ देशभर के लाखों किसान एवं कामगारों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। इस बंगले का इतिहास बताते हुए सीएम ने लिखा है कि यह बंगला वर्ष 1978 में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह को अलॉट हुआ था। वे न केवल लंबे समय तक इस बंगले में रहे, बल्कि उन्होंने किसानों की गतिविधियों को भी यही से संचालित किया था। इस तरह यह मकान किसान ट्रस्ट की गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहा है।
इस ट्रस्ट की स्थापना किसानों के कल्याण के लिए चौ. चरण सिंह ने स्वयं की थी।
कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के लाखों किसान एवं कामगारों इस आंदोलन के साथ जुड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस बंगले को खाली करवाने के केंद्रीय आदेश से चौ. चरण सिंह के साथ जुड़े किसान तथा कामगारों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
केंद्र सरकार की एकतरफा कार्रवाई बड़ी दुखद है। पत्र में यह भी लिखा है कि केंद्र सरकार ने चौ. अजीत सिंह से यह बंगला खाली करवाने के लिए एकतरफा आदेश दिए हैं। इसके अलावा इस बंगले की बिजली-पानी की सप्लाई बंद कर दी है, जिससे चौ. अजीत सिंह और उनके परिवार को परेशानी हुई है।