- Hindi News
- चुनाव आयोग ने फर्जी वोट हटाए, हाईकोर्ट में जवाब दिया
चुनाव आयोग ने फर्जी वोट हटाए, हाईकोर्ट में जवाब दिया
चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले फर्जी वोट तैयार करने के आरोपों पर वीरवार को चुनाव आयोग ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में जवाब दायर कर कहा कि सभी फर्जी वोट हटा दिए गए हैं। वोटर लिस्ट को सही कर लिया गया है। इसके बाद हाईकोर्ट ने मामले पर २७ अक्टूबर के लिए सुनवाई स्थगित कर दी। कैथल निवासी पारस मित्तल की तरफ से याचिका में कहा गया कि ऐसे कई लोग जो कैथल के निवासी नहीं हैं उनके वोट भी बनाए जा रहें हैं। साथ ही ऐसे कई लोग हैं जिनकी वोट कैथल और नरवाना दोनों विधानसभा क्षेत्रों में है।
याचिका में कहा गया कि फर्जी वोटों का काम निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण कार्यालय के अधिकारियों के साथ मिली भगत कर किया जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन करने वालों को बिना वेरिफिकेशन के वोटर लिस्ट में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी को जब इस बारे में सूचित किया तो उन्होंने कहा कि कोई फर्जी वोट नहीं मिले है। इसके बाद याची ने ६ मई को दस हजार फर्जी वोटरों की लिस्ट उन्हें सौंपी। जांच के बाद कार्यालय ने ७४४७ वोट को फर्जी मानते हुए उन्हें रद्द कर दिया। याचिकाकर्ता ने कहा कि उनके पास सैकडों ऐसे लोगों की सूची भी है जो कैथल और नरवाना दोनों स्थानों के वोटर लिस्ट में मौजूद हैं। वोट बनाने की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में इस दौरान और अधिक फर्जी वोट बन सकते हैं। एेसे में पूरी प्रक्रिया की जांच करवाई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।