मोहाली। पीसीए मोहाली पर शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में पर्थ स्कॉचर्स ने द.अफ्रीकी टीम डॉल्फिंस को रोमांचक मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया। मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हुआ। जब मिशेल मार्श ने ‘क्रिकेट में सब मुमकिन है’ कहावत को सच साबित कर दिया। मार्श को आखिरी दो गेंदों पर जीत के लिए 12 रन बनाने थे जिसपर उन्होंने दो छक्के जड़कर पर्थ को पहली जीत दिला दी। उन्होंने ये भी साबित कर दिया की वे आखिरी क्यों बिग बैश लीग के चैंपियन हैं। मैच में डॉल्फिंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 164 रन बनाए जिसके जवाब में पर्थ स्कॉचर्स ने 4 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। पर्थ की जीत के हीरो रहे मार्श नाबाद 40 रन बनाकर लौटे जबकि वाइटमैन ने 45 और सीमंस ने 48 रन का योगदान दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर डॉल्फिंस ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पर्थ के तेज आक्रमण के आगे उनका टॉप ऑर्डर बुरी तरह ढह गया लेकिन मिडल ऑर्डर में जोंडो के शानदार 63 रन की बदौलत डॉल्फिंस की टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 164 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। इसके अलावा महाराज ने 29 और समिट ने 21 रन बनाए। पर्थ के लिए बैरेनडोफ ने तीन बल्लेबाजों को चलता किया जबकि यासिर अराफात और पेरिस ने 2-2 बल्लेबाजों को चलता किया।
पर्थ की अच्छी शुरुआत: जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बिग बैश लीग की चैंपियन पर्थ स्कॉचर्स को भले ही ओपनर वोग्स के रुप में पहला झटका लगा लेकिन दूसरे विकेट के लिए सीमंस और वाइटमैन ने 55 रन जोड़कर टीम काे संभाल लिया। सीमंस ने 48 रन की पारी खेली और वाइटमैन ने 45 रन बनाए। इसके बाद रही कसर मिशेल मार्श ने 26 गेंदों पर 40 रन बनाकर पूरी कर दी। डॉल्फिंस के लिए एबॉट, एलेग्जेंद्रा, फ्राइलिंक और डेलपोर्ट ने 1-1 विकेट लिया।