चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पहले दिन पांच नामांकन किए गए। इसमें आरक्षण विरोधी पार्टी से एक और चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद ने बताया कि विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही नामांकन शुरू हो गया।
पहले दिन भिवानी से जयप्रकाश कौशिक व रमेश वर्मा ने भिवानी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। रेवाड़ी के कोसली विधानसभा क्षेत्र से पंकज व गुडगांव जिले के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से कुशेश्वर भगत ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपने पर्चे दाखिल किए। फरीदाबाद के बल्ल्भगढ़ विधानसभा क्षेत्र से आरक्षण विरोधी पार्टी के संजय शर्मा ने अपना नामांकन दाखिल किया। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि नामांकन भरने की अंतिम तिथि 27 सितंबर हैं। उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते है।
रविवार को रहेगा अवकाश, बाकी दिन भरे जाएंगे नामांकन
रविवार २१ सितंबर को अवकाश रहेगा। 23 व 25 सितंबर को हरियाणा के सरकारी कार्यालयों में छुट्टियां हैं, लेकिन नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटल एक्ट 1882 के अनुसार ये पब्लिक हॉली-डे नहीं हैं। इसलिए उम्मीदवार इन दिनों में भी नामांकन पत्र दाखिल करवा सकते है।
29 सितंबर को होगी नामांकन की जांच
नामांकन पत्रों की जांच 29 सितंबर को की जाएगी। एक अक्टूबर तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। 15 अक्टूबर को मतदान होगा तथा 19 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर तक चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।