(कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर)
चंडीगढ़। भाजपा की ओर से हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम सूची में घोषित किए गए 47 उम्मीदवारों को भगोड़ा और बहुत ही कमजोर बताया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर कहा कि चुनाव से पहले ही लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करने वाली केंद्र सरकार ने साबित कर दिया है कि उसका हरियाणा की भलाई से कुछ लेना-देना नहीं है। उसने कई स्थानों पर इनेलो की मदद के लिए जानबूझकर कमजोर उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
तंवर ने कहा कि लोगों को अपने सांप्रदायिक एजेंडे से बहकाने की साजिश करने वाली बीजेपी की असलियत हरियाणा में उजागर हो चुकी है। परिवारवाद के मामले में बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए तंवर ने कहा कि जब केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बहन और प्रदेश अध्यक्ष के रिश्तेदार को टिकट मिल सकती है तो सांसदों के मामले में दोहरा मानदंड क्यों बनाया गया।
डा. तंवर ने कहा कि बीजेपी को हरियाणा की भलाई की नहीं बल्कि अपनी दलबदलुओं की अधिक चिंता है। जो दल चुनाव से पहले ऐसे आचरण का परिचय दे रहे है, ऐसे दल चुनाव के बाद हरियाणा की भलाई कैसे करेंगे। बीजेपी और इनेलो को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी सरकार का काला दौर हरियाणा की जनता देख चुकी है। जब अपराध, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी चरम पर हुआ करती थी।