चंडीगढ़। ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता चंडीगढ़ के शूटर
अभिनव बिंद्रा मंगलवार को
इंचियोन एशियन गेम्स में अंतिम बार निशाना साधेंगे। १० मीटर एयर राइफल में हिस्सा लेने वाले अभिनव ने सोमवार को ट्वीट करके यह जानकारी दी। हालांकि अभिनव ने कहा कि वह रियो २०१६ ओलंपिक की तैयारी करते रहेंगे। अभिनव ने इससे पहले ग्लास्गो कॉमनवेल्थ में भी अपने इवेंट से एक दिन पहले यही घोषणा की थी और अगले दिन गोल्ड पर निशाना लगाया था। उन्होंने ट्वीट किया कि वह सप्ताह में २ दिन अभ्यास किया करेंगे और ओलंपिक कोटा हासिल करने की कोशिश करते रहेंगे।
अभिनव के पिता एएस बिंद्रा ने भास्कर को बताया कि उन्हें भी ट्वीटर से ही पता चला कि अभिनव अब एशियन गेम्स में नहीं खेलेगा। यह उसका फैसला है और जो उसे सही लगता है वह करता है। जहां तक ओलंपिक २०१६ की बात है तो उसकी प्रैक्टिस चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि जब भी कोई बड़ा टूर्नामेंट होता है, वह परिवार से ज्यादा टच में नहीं रहता। मेरी खुद उससे पिछले ४ दिनों से बात नहीं हुई।