चंडीगढ़। पंजाब की स्टार शूटर हिना सिद्धू ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन कर देश को सम्मान दिलाया है। हिना ने यहां इंचियोन में चल रहे
एशियाई खेलों में देश को २५ मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में देश को टीम ब्रॉन्ज दिलाया। उन्होंने यहां महाराष्ट्र की राही सरनोबत और हरियाणा की अनीसा सैयद के साथ मिलकर ये सफलता हासिल की। हिना ने यहां रैपिड में २८१ और और प्रोसेशन में २९१ अंक हासिल करते हुए ५७२ अंक अपनी झोली में डाले।
वहीं हरियाणवी शूटर अनीसा सैयद ने रैपिड में २९४ और प्रोसेशन में २८३ अंक के बाद ५७७ अंक हासिल किए। इन दोनों से ज्यादा अंक देश की नंबर वन २५ मीटर पिस्टल शूटर राही सरनोबत ने हासिल किए। राही ने यहां २८९ और २९१ अंकों के साथ ५८० अंक अर्जित करते हुए देश को ब्रॉन्ज मेडल दिला दिया। भारत का कुल स्कोर १७२९ रहा। इसमें गोल्ड मेडल मेजबान कोरिया के नाम रहा। उनकी तिकड़ी ने यहां १७४८ अंक हासिल किए जबकि चीन को सिल्वर मेडल मिला। चीनी शूटर्स ने १७४७ अंक अपने नाम किए।