पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • श्राद्ध पक्ष में प्रत्याशी घोषित नहीं करेगी हजकां

श्राद्ध पक्ष में प्रत्याशी घोषित नहीं करेगी हजकां

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव के लिए हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) गठबंधन श्राद्ध पक्ष में अपने प्रत्याशी घोषित नहीं करेगा। हालांकि हजकां का सीटों को लेकर हरियाणा जन चेतना पार्टी के साथ 65-25 का समझौता हो चुका है। दोनों ही दलों ने अब पहले नवरात्र के दिन ही प्रत्याशी घोषित करने का फैसला किया है।

हजकां की मीडिया कोआर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन देवीलाल बिश्नोई ने बताया कि उनकी पार्टी पहले नवरात्रा को यानी 25 सितंबर को अपने प्रत्याशियों की सूची घोषित करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने ज्यादातर सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। हजकां और जन चेतना पार्टी गठबंधन मिलकर यह चुनाव लड़ेगा।

इधर, हरियाणा जन चेतना पार्टी भी सभी 25 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा २५ सितंबर को ही करेगी। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि श्राद्ध‌ पक्ष में शुभ काम नहीं होते हैं, इसलिए प्रत्याशियों की घोषणा पहले नवरात्रा को ही होगी।

इसलिए भी हो रही है देरी:
इधर, सूत्रों का कहना है कि हजकां और एचजेसीपी को लग रहा है कि कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ेगा। ऐसे में हो सकता है कि कोई जिताऊ उम्मीदवार कांग्रेस छोड़ने का फैसला करके उनकी पार्टी में शामिल हो जाए। ऐसे प्रत्याशी को टिकट देकर गठबंधन अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश करेगा।

तीन दिन ही रहेगा नामांकन भरने वालों का जोर:
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने का जोर भी श्राद्ध पक्ष के बाद ही बढ़ेगा। बुधवार को आखिरी श्राद्ध है और 25 नवंबर को पहला नवरात्रा है। चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारियों का भी मानना है कि 25, 26 और 27 सितंबर को ही ज्यादा से ज्यादा संख्या में नामांकन भरे जाएंगे।