पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वोटिंग के १५ दिन पहले जारी होंगे भाजपा और कांग्रेस के घोषणा पत्र

वोटिंग के १५ दिन पहले जारी होंगे भाजपा और कांग्रेस के घोषणा पत्र

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस अपने घोषणा-पत्र वोटिंग के करीब 15 दिन पहले ही जारी करेंगी। दोनों ही पार्टियों के चुनाव घोषणा-पत्र लगभग तैयार हैं। लेकिन भाजपा जहां अभी टिकटों से नाराज अपने कार्यकर्ताओं को मनाने में लगी है, वहीं कांग्रेस भी टिकट वितरण में ही उलझी हुई है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि पार्टी ने अपना चुनाव घोषणा पत्र तैयार कर लिया गया है। संभवत: यह 1 या 2 अक्टूबर को जारी कर दिया जाएगा। घोषणा पत्र में किसान, महिलाओं, युवाओं, मजदूर, बुजुर्गों समेत सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए पार्टी ने अपने सभी विधायकों, सांसदों और पदाधिकारियों से राय लेकर स्थानीय मुद्दों को भी शामिल किया है। इसी तरह हुड्डा सरकार के खिलाफ पार्टी की चार्जशीट भी तैयार है। भाजपा विधायक दल के नेता अनिल विज की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने सबूतों के साथ यह आरोप पत्र तैयार किया है।

कांग्रेस का घोषणा पत्र भी तैयार:
हरियाणा कांग्रेस का चुनाव घोषणा-पत्र तैयार हो गया है। पार्टी की ओर से पिछले माह भेजे गए घोषणा पत्र के मसौदे को हाईकमान की स्वीकृति मिल चुकी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि घोषणा पत्र अभी प्रिंटिंग में है। संभवत: इसे १ अक्टूबर के आसपास जारी कर दिया जाएगा। घोषणा पत्र में बुजुर्गों की पेंशन राशि १००० से बढ़ाकर १५०० रुपए प्रति माह, राज्य कर्मचारियों को पंजाब के बराबर वेतनमान देने, युवाओं को नौकरियों के ज्यादा अवसर उपलब्ध कराने समेत कई वायदे किए गए हैं।

ये जारी कर चुके हैं अपने घोषणा पत्र:
इंडियन नेशनल लोकल (इनेलो), हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां), हरियाणा जन चेतना पार्टी (एचजेसीपी), हरियाणा लोक हित पार्टी (हलोपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समेत कई क्षेत्रीय पार्टियां अपने चुनाव घोषणा पत्र जारी कर चुकी हैं। इनमें हजकां ने जहां घोषणा पत्र को संकल्प पत्र नाम दिया है, तो हलोपा ने शपथ-पत्र का नाम दिया है।