चंडीगढ़। 15 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में नि:शक्त मतदाताओं को अपने मतदान के वक्त प्राथमिकता दी जाएगी । हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद ने बताया कि मतदान केंद्रों पर निशक्त मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएगी। स्टाफ निशक्त मतदाताओं को अपना मत डालने के लिए सहायता व सुविधा उपलब्ध करवाएगा।
जहां स्थाई रैम्प नहीं होंगे वहां अस्थाई रैम्प उपलब्ध करवाए जाएंगें। नेत्रहीन, अशक्त मतदाता को, यदि वह चाहे तो, उसके द्वारा वोट डालने में सहायता करने के लिए एक सहयोगी को अनुमति प्रदान करने का प्रावधान भी होगा। इसके अतिरिक्त, अन्य भिन्न: सक्षम मतदाताओं की तरह, बोलने व सुनने की दुर्बलता वाले मतदाताओं की भी विशेष देखभाल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भिन्न: सक्षम मतदाताओं की विशेष आवश्यकताओं, उनके प्रति विनम्र व्यवहार और उनको मतदान केन्द्र पर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए मतदान कर्मियों को संवेदनशील व्यवहार प्रयोग करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।