चंडीगढ़ ने गुजरात को ७-० से दी शिकस्त
चंडीगढ़। ५५वें सुब्रतो इंटरनेशनल कप फॉर अंडर-१४ फुटबॉल में चंडीगढ़ के गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-३६ ने शानदार जीत दर्ज की है। यहां नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में खेले गए अपने दूसरे लीग मैच में चंडीगढ़ ने वल्लभ अशराम आमीन और वीएन सवानी स्कूल गुजरात को ७-० से हराया। पूरे मैच में चंडीगढ़ के स्कूल ने अपना दबदबा बनाना शुरु कर दिया था। विजेता स्कूल की ओर से अमरजीत ने तीन शानदार गोल दागे जबकि विक्रम ने दो गोल किए। इसके अलावा जैक्सन और फाइलो की किक से एक-एक गोल निकला। चंडीगढ़ को अब अगले मुकाबले में श्रीलंका की टीम का सामना करना है। इससे पहले उन्होंने पहले मुकाबले में लखनऊ के आर्मी बॉयज को एकतरफा अंदाज में ही २-० से मात दी थी। स्कूल के प्रिंसिपल राकेश सूद और कोच ने टीम को अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। टीम इसके बाद अगर तीसरे मुकाबले में श्रीलंका को हरा देता है तो उसे क्वार्टर फाइनल का टिकट मिल जाएगा। सभी आठ ग्रुपों से एक-एक टीम क्वार्टर फाइनल में मुकाबला करेगी।