चंडीगढ़। ५५वें सुब्रतो इंटरनेशनल फुटबॉल अंडर-१४ कप में चंडीगढ़ ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया है। चंडीगढ़ का नेतृत्व कर रहे गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-३६ की टीम ने यहां तीसरे मुकाबले में श्रीलंका को ७-० से मात दी। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना किससे होगा इसका निर्णय नहीं हो पाया है। चंडीगढ़ की ओर से एक बर फिर से अमरजीत ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक के बाद एक तीन गोल करके टीम की जीत पक्की कर दी थी।
इसके बाद संजीव, विक्रम, दलबीर और जैक्सन ने १-१ गोल किया। चंडीगढ़ की टीम ग्रुप-एफ में टॉप पर रही। इससे पहले गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-३६ की टीम ने पहले मैच में आर्मी बॉयज लखनऊ को २-० से हराया था तो वहीं दूसरे मैच में गुजरात को एकतरफा अंदाज में ७-० से शिकस्त दी थी। स्कूल के प्रिंसिपल राकेश सूद और टीचर्स ने टीम को इस शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी है। टीम से अब आगे भी काफी उम्मीदें हैं।