चंडीगढ़। पंजाब में आतंकवाद के समय सक्रिय रहे सबसे बड़े सिख संगठन बब्बर खालसा के नाम से शहर में धमकी भरे पोस्टर लगा कर कुछ अज्ञात तत्व लोगों में वहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। शहर के 17 सेक्टर में कुछ इस तरह के पंजाबी में लिखे पोस्टर चिपकाए गए थे जिन्हें पुलिस ने उतार कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस इस तहकीकात में जुट गई है कि यह पोस्टर आखिर लगाए किस ने हैं।
पोस्टरों में लिखा है ये
बब्बर खालसा के नाम वाला एक कथित हुक्मनामा सेक्टर 17 के आईजी ऑफिस के नीचे लगा हुआ था। जिसमें पंजाबी में लिखा है सिख राज में सबका स्वागत है। जत्थेदार परविंदर सिंह हीरा के नाम से लगाए गए इस पोस्टर पर लिखा गया है कि सिख राज शुरू हो गया है और इसके दो कानून पास हुए हैं। आम आदमी इसे पूरी तरह स्वीकार करे। नंबर एक दहेज मांगने वालों को सजा ए मौत, बारात 101 से ज्यादा नहीं होगी। सिख राज में औरतों पर किसी भी प्रकार का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिसमें हिम्मत हो वह कानून के खिलाफ जाकर दिखाए। ज्यादा बारात और दहेज के दोषियों को परिवार समेत मार दिया जाएगा। दो चार केस के बाद सब सुधर जाएंगे।
रेप करने वालों को जलाएंगे जिंदा
पोस्टर में यह भी लिखा है कि रेप करने वालों को जिंदा जला दिया जाएगा। उनको कोई माफी नहीं मिलेगी। इस कानून के खिलाफ जाकर जो भी आदमी ये अपराध करेगा उसका पूरा परिवार मार दिया जाएगा। ये कानून पंजाब में लागू हुआ है। पंजाब गुरुओं की धरती है। हम इसको गंदा नहीं करने देंगे। इस आदेश को मजाक समझने की गलती मत कीजिएगा। हम पंजाब में आ चुके हैं।