चंडीगढ़। १२वें एडमिनिस्ट्रेटर फुटबॉल कप में शुक्रवार को चंडीगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन ने शानदार जीत दर्ज की लेकिन डीएवी स्कूल-८ को हार का सामना करना पड़ा। चंडीगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन ने सेक्टर-१७ स्टेडियम में खेले गए मैच में अाईएफए कोलकाता को एकतरफा अंदाज में २-० से हराया। एसोसिएशन की ओर से दोनों गोल दूसरे हाफ में हुए। ये गोल रिशभ और सचिन की
किक से निकले। इस जीत के साथ चंडीगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार है।
डीएवी स्कूल चंडीगढ़ को संबलपुर फुटबॉल एकेडमी ने रोमांचक मुकाबले में ०-१ से हरा दिया। मैच के शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रमण करना शुरु कर दिया लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। इसके बाद २९वें मिनट में चंदमोहन को गोल करने का मौका मिला और उन्होंने सफल कर टीम का खाता खोल दिया। यही गोल निर्णायक साबित हुआ और डीएवी को हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा दो अन्य मुकाबलों में मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन ने दशमेश मार्शल एकेडमी आनंदपुर साहिब को एकतरफा अंदाज में ६-० से हराया तो वहीं दूसरे मुकाबले में पुणे एफसी ने ताऊ फुटबॉल एकेडमी मणिपुर को २-० से मात दे दी।
सहयात्री फुटबॉल क्लब सेमीफाइनल में: सहयात्री फुटबॉल क्लब ने गुजरात फुटबॉल एसोसिएशन को एकतरफा अंदाज में ६-२ से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया। सहयात्री क्लब ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया जिससे उन्हें जीत दर्ज करने में ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। विजेता टीम की ओर से बुधवा बारा और शुभजीत नायक ने २-२ गोल किए जबकि सोविक पाल और अनिरबान दत्ता ने १-१ गोल किया।