चंडीगढ़। चंडीगढ़ से मॉनसून की विदाई तय मानी जा रही है। मौसम विभाग इस सप्ताह मॉनसून की विदाई की घोषणा कर देगा। इस बार शहर में सामान्य से 58 फीसदी कम बारिश हुई है। चंडीगढ़ में दिन का तापमान 33 के आसपास चल रहा है।
जबकि रातें कुछ नर्म हो गई हैं। रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास चल रहा है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार बेशक इस बार बारिश कम हुई है लेकिन उसका असर तापमान पर नहीं पड़ेगा।
सर्दी इस बार तय समय से पहले आ जाएगी। इसकी वजह साफ है क्योंकि दीपावली इस अक्टूबर के तीसरी सप्ताह में है। दीपावली पर हल्की ठंड पड़ना शुरू हो जाती है।
पाल कहते हैं कि यूं भी चंडीगढ़ के आसपास लगते पहाड़ों पर इस बार अच्छी बारिश हुई है। वहां ठंड शुरू हो गई है। चंडीगढ़ से 50 किलोमीटर दूर सोलन, कसौली और धर्मपुर में तो सुबह और शाम के वक्त लोगों ने स्वेटर पहनने शुरू कर दिए हैं। लिहाजा इसका असर चंडीगढ़ पर भी पड़ रहा है।