(कंप्यूटर अध्यापक सांझा फ्रंट का रोष प्रदर्शन)
मोहाली। कंप्यूटर अध्यापक सांझा फ्रंट पंजाब के सदस्यों की ओर से अपनी मांगों को लेकर फेज 8 में रोष प्रदर्शन और धरना दिया। पुलिस की ओर से शुक्रवार को अध्यापकों के तंबु को हटा दिया था और अध्यापकों को हिरासत में ले लिया था। इसी के विरोध में पूरे पंजाब से कंप्यूटर अध्यापकों ने पहुंच कर शनिवार को पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
कंप्यूटर टीचरों में महिलाओं की संख्या काफी थी इसी मद्देनजर महिला पुलिस को भी तैनात किया गया था । गमाडा की पार्क में सुबह से कंप्यूटर टीचर पहुंचने लगे थे। दोपहर के समय जब कंप्यूटर टीचर अपने धरने वाले स्थान की ओर जाने लगे तो पुलिस ने पहले तो उन्हें रोक लिया और फिर बाद में उन्हें धरना स्थल की ओर जाने दिया।
फ्रंट के कन्वीनर गुरविंदर सिंह और बलजिंदर सिंह ने कहा कि अगर पुलिस ने उनके साथियों पर किए गए दर्ज मामलों को खत्म नहीं किया और उन्हें रिहा नहीं किया तो वे मुख्यमंत्री निवास की ओर रवाना होंगे। काफी संख्या में पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस की ओर से कई वाहनों को मौके पर खड़ी किया गया है ताकि अध्यापकों पर कोई कार्रवाई की जा सके।