चंडीगढ़। चैंपियंस लीग टी ट्वेंटी का सफर मोहाली में खत्म होते ही क्रिकेट फैंस को फिर से अपने चहेते क्रिकेटरों को देखने का मौका मिलेगा। चैंपियंस लीग का अंतिम दौर रविवार को मोहाली में खत्म हो जाएगा। सोमवार से ऑल इंडिया जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में चार मैच खेले जाएंगे। पहला मैच गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-26 में मध्य प्रदेश और यूपी के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन यूटी के वित्त और खेल सचिव सर्वजीत सिंह सुबह 9 बजे करेंगे।
दूसरे मैच में बंगाल का मुकाबला हिमाचल प्रदेश से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगा। तीसरे मैच में स्टार खिलाडिय़ों से लैस एयर इंडिया की टीम बड़ौदा से सेक्टर-16 स्टेडियम में भिड़ेगी। जबकि चौथे मैच में सीएजी का मुकाबला फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया(एफसीआई) से गवर्नमेंट कॉलेज रोपड़ के मैदान पर होगा। इससे पहले रविवार को बड़ौदा, मध्य प्रदेश, यूपीसीए, बंगाल, हिमाचल, पंजाब क्रिकेट क्लब, एयर इंडिया और सीएजी की टीमों ने गवर्नमेंट स्कूल 26 और सेक्टर-16 स्टेडियम में जम कर पसीना बहाया।