चंडीगढ़। कॉमनवेल्थ गेम्स के सिल्वर मेडल विजेता हरियाणा के मनदीप जागंड़ा सोमवार को एशियन गेम्स में अपना अभियान क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ा पाए। ६९ किलोग्राम वर्ग के मुकाबले में थाईलैंड के मुक्केबाज ने मनदीप को पराजित कर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। हालांकि मनदीप ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने बेहतर मुक्केबाजों को कड़ी टक्कर दी लेकिन बाउट नहीं जीत पाए। हरियाणा के ही विकास यादव ने ७५ किलोग्राम वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
पहले राउंड में बाई मिलने के बाद रिंग में उतरे विकास ने उज्बेकिस्तान के मुक्केबाज को एकतरफा मुकाबले में आसानी से शिकस्त दी। विकास २०१० के एशियन गेम्स में ६० किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने अपना भार वर्ग बदल कर पिछले कुछ समय से ७५ किलोग्राम में हिस्सा लेना शुरू किया है। इस भार वर्ग में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता विजेंदर सिंह खेलते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं लिया।