(शहीद भगत सिंह की सगी बहन प्रकाश कौर)
चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह की सगी बहन प्रकाश कौर का कनाडा के शहर टोरंटो में निधन हो गया। वह 95 साल की थीं। उनका निधन भारतीय समय के अनुसार सोमवार तड़के 2.00 बजे के करीब हुआ। अनोखी बात यह है कि प्रकाश कौर की मौत कनाडा की तारीख 28 सितंबर को हुई है और इसी दिन उनके भाई शहीदे आजम भगत सिंह का जन्मदिन वहां पर मनाया जा रहा था।
पाकिस्तान के लायलपुर जिले में गांव खासडिय़ां में 1919 में हुआ था जन्म
इनका जन्म पाकिस्तान के लायलपुर जिले में गांव खासडिय़ां में 1919 में हुआ था। यह भगत सिंह से लगभग 12-13 साल छोटी थीं। भगत सिंह सहित पांच भाई व तीन बहनें थी। जिनमें सबसे बड़े कुलवीर सिंह, उनसे छोटी माता अमरकौर, उनसे छोटे भगत सिंह, फिर कुलतार सिंह,
रणवीर सिंह, प्रकाश कौर, रजिंदर सिंह, शकुंतला सबसे छोटी थीं।
कनाडा में रहती थीं बेटे के पास
प्रकाश कौर कनाडा में अपने बेटे रुपिंदर सिंह व हकुमत सिंह के पास रह रही थीं। जबकि इनकी दो बेटियां गुरजीत कौर व परविंदर कौर होशियारपुर के गांव अंबाला जट्टां के एक ही परिवार में शादीशुदा हैं। गुरजीत कौर अभी गांव में ही हैं व जबकि परविंदर कौर कनाडा में रहती हैं। प्रकाश कौर ऊंची कदकाठ की मालिक थीं। इनका कद 6 फीट था और रोहबदार तबीयत की मालिक थी।
हिम्मत मत हारना
यह शब्द प्रकाश कौर ने अभी चार दिन पहले अपनी बेटी गुरजीत कौर को कनाडा में कहे थे। गुरजीत कौर ने बताया कि उनकी मां बुलंद हौंसले वाली औरत थी। अभी चार दिन पहले ही वह उनसे मिलकर कनाडा से लौटी हैं। उन्होंने मुझे कहा कि जिंदगी में कभी हौंसला मत हारना।
कनाडा में ही होगा अंतिम संस्कार
प्रकाश कौर का अंतिम संस्कार कनाडा में ही इस रविवार को किया जाएगा व उनकी बेटी गुरजीत कौर चार दिन बाद फिर दोबारा कनाडा को लौट गई।