चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी मेंस फुटबॉल चैंपियनशिप में पीयू चंडीगढ़ ने मंगलवार को गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। पीयू ग्राउंड पर खेले गए लीग मैच में दोनों टीमों के बीच मुकाबला कांटे का रहा लेकिन अंत में मैच का नतीजा ड्रॉ ही रहा। मैच के पहले मिनट से ही दोनों टीमों ने आक्रमण करना शुरु कर दिया था। पहला गोल 15वें मिनट में पीयू के करनदीप की
किक से निकला। जीएनडीयू की ओर से 19वें मिनट में शमशेर सिंह को गोल करने का मौका मिला जिसे उन्होंने बेकार नहीं जाने दिया। पहले हाफ में स्कोर 1-1 से बराबर रहा।
इसके बाद दूसरे हाफ के शुरुआत में जीएनडीयू के राहुल ने गोल कर टीम को आगे कर दिया। इसमें राहुल ने 43वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। पीयू टीम को 66वें मिनट में गोल बराबर करने का मौका मिला। इसमें निखिल पराशर ने बॉल को गोल में पहुंचाकर टीम को 2-2 की बराबरी दिला दी। वहीं एक अन्य मैच में पंजाबी यूनिवर्सिटी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हरा दिया। मैच का एकमात्र गोल 33वें मिनट में सन्नी ने दागा।