चंडीगढ़ । सिरसा में हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के मल्टी स्पेशीलिटी हॉस्पिटल का ठेका लेने वाले सुखविंदर सिंह ने निर्माण के लिए ठेके की राशि अदा न करने पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दस्तक दी है। याचिका पर हाईकोर्ट ने हरियाणा के गृह सचिव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गोपाल कांडा और उनके भाई गोविंद कांडा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सुखविंदर सिंह ने याचिका में कहा कि उन्हें गोपाल कांडा ने 2012 में मल्टी स्पेशीलिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए 10.14 करोड़ रुपए का ठेका दिया था। इस ठेके के अनुसार कांडा को 60 लाख रुपए एडवांस और 2.40 करोड़ रुपए मशीनें लगाए जाने पर देना था।
इसी दौरान कांडा गीतिका मामले में फंस गए और यहीं से उनका विवाद हुआ। कांडा ने न केवल उनके काम की राशि अदा नहीं की बल्कि उनकी मशीनें भी वापस नहीं की। इस संबंध में एसएसपी को शिकायत दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने लंबी भूख हड़ताल भी की। इस सब के बाद उन्हें केवल 65 लाख का भुगतान किया गया और मशीनों को छोड़ दिया गया। याची ने कहा कि उनका पहले ही बहुत नुकसान हो चुका था और कांडा ने उनसे निर्माण का ठेका भी वापस ले लिया। याची ने कहा कि उन्होंने 2.5 करोड़ रुपए की मशीनों के लिए लोन लिया था और ऐसे में अब ठेका वापस लिए जाने से वे बर्बाद हो जाएंगे। याची ने हाईकोर्ट से अपील करते हुए कहा कि उन्हें इंसाफ दिलाया जाए।