चंडीगढ़। धान का पेंडिंग 3500 करोड़ रुपए में से 2000 करोड़ रुपए केंद्र सरकार द्वारा रिलीज होने के बाद कांग्रेस के किसान सेल के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह जीरा और उनके साथियों ने अपना एक दिन पुराना अनशन समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा, यह कांग्रेस पार्टी के दबाव के कारण राशि रिलीज की गई है। एमएलए होस्टल के बाहर अनशन पर बैठे इंद्रजीत सिंह जीरा और 11 अन्य साथियों को कांग्रेस के नेता सुखपाल खैहरा ने जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त करवाया।
काबिले गौर है कि किसान सैल के चेयरमैन जीरा व उनके साथी आठ दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास पर धरना देने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें एमएलए होस्टल के बाहर ही घेर लिया और आगे जाने नहीं दिया। जीरा व उनके साथी वहीं अनशन पर बैठ गए। जीरा ने दावा किया कि राशि रिलीज होने पर पार्टी के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा ने उन्हें बधाई दी है और आशा व्यक्त की है कि जब भी किसानों के मामलों के प्रति राज्य सरकार बेरुखी वाला रुख अपनाएगी, उनका सेल इसी तरह का दबाव बनाकर सरकार की नींद खोलेगा।