पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • युवराज के शतक से हरियाणा बैकफुट पर

युवराज के शतक से हरियाणा बैकफुट पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़। सिक्सर किंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह(130 रन) ने पटियाला के ध्रुव पांडव स्टेडियम पर शानदार जड़कर ये साबित कर दिया की उनका क्रिकेट अभी खत्म नहीं हुआ है। युवी ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप-बी में हरियाणा को तीसरे दिन बैकफुट पर धकेल दिया। पहली पारी में दस रन से पिछडऩे के बाद पंजाब ने दूसरी पारी में 6 विकेट पर 330 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की। 321 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 26 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। अब पंजाब की टीम मैच के आखिरी दिन हरियाणा को जल्द से जल्द ऑल आउट करके पहली जीत हासिल करना चाहेगी।
इससे पहले मंगलवार काे पंजाब ने 0/21 रन से आगे खेलना शुरु कर किया। टीम को पहला झटका 34 रन पर जीवनजोत सिंह(21 रन) के रुप में लगा। इसके बाद मनन वोहरा(33 रन) अमित मिश्रा को अपना विकेट दे बैठे और फिर मनदीप सिंह 14 रन पर वापिस लौट गए। पंजाब का स्कोर 94 रन था और उसके तीन विकेट गिर गए थे। अब एक छोर पर अमितोज सिंह थे और दूसरे पर युवराज सिंह। इन दोनों ने टीम को संभाला और चौथे विकेट के लिए 145 रन जोड़कर टीम को खतरे से उबार लिया। अमितोज यहां पर 65 रन बनाकर लौट गए लेकिन युवी का बल्ला खूब बोला। उन्होंने हरियाणा के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 160 गेंदों पर 130 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। युवी ने इस पारी में 14 चौके और 5 छक्के जड़े। उनके अाउट होते हुए कप्तान हरभजन ने 6/330 रन पर पारी घोषित कर दी। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा को संदीप सिंह ने लगातार तीन झटके दे दिए। संदीप ने मेहमान टीम के दिन का खेल समाप्त होने तक 26 रन पर तीन विकेट झटक लिए।
हिमाचल ने बनाई सर्विसेज पर पकड़
नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी के लीग मैच में हिमाचल प्रदेश ने सर्विसेज पर पकड़ बना ली है। मॉडल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जा रहे मैच के तीसरे दिन हिमाचल ने पहली पारी 479 रन पर समाप्त की और उसके जवाब में मेजबान टीम के 91 रन पर तीन विकेट झटक लिए। हिमाचल के पास अभी 162 रन की बढ़त है। इससे पहले हिमाचल ने 6/255 रन से आगे खेलते अच्छी शुरुआत की। एन.गंगटा ने 99 रन की पारी की बदौलत हिमाचल ने मैच का रुख ही पलट दिया। उनका साथ विक्रमजीत सिंह मलिक ने दिया जिन्होंने 59 रन की पारी खेली। इसके अलावा पी. जैसवाल ने नाबाद 41 रन बनाए। सर्विसेज की ओर से ए. सखुजा ने चार बल्लेबाजों को चलता किया जबकि एस. यादव ने तीन विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हिमाचल की टीम ने सर्विसेज को 91 रन पर तीन झटके दे दिए। हिमाचल की ओर से रिषी धवन, पी.जैसवाल और बिपुल शर्मा ने 1-1 विकेट लिया।