चंडीगढ़। सब्जी मंडी सेक्टर-26 में फडिय़ां लगाकर सब्जियां बेचने का काम करने वालों ने बुधवार सुबह ही हड़ताल कर दी। इसके चलते मार्केट कमेटी के दफ्तर में और मंडी में प्रशासन की तरफ से एहतियात के तौर पर करीब 50 से ज्यादा पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। सुबह करीब 4 बजे से फड़ी वालों ने हड़ताल शुरू की।
बुधवार को खुद फड़ी वालों ने एक भी फड़ी मंडी में नहीं लगने का फैसला किया है। फड़ी वालों की तरफ से कहा गया है कि जब तक उनकी मांगे मार्केट कमेटी और प्रशासन पुरी नहीं करता है तब तक हड़ताल जारी रहेगी और मंडी में कोई काम नहीं होगा।
मार्केट कमेटी की तरफ से इस बारे में कहा गया है कि फड़ी वालों को किसी भी तरह से मंडी में फडिय़ां लगाने की मंजूरी नहीं दी जा सकती है क्योंकि इस बारे में कोर्ट ने निर्देश दिए हुए हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे तक मंडी में सभी फड़ी वाले एक जगह पर इकट्ठा होकर धरना प्रदर्शन करते रहे।