(हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पुस्तक का विमोचन करते हुए)
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और लोगों को पर्यटन स्थलों की पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ‘हरियाणा ट्रेवल गाईड़’ नामक पुस्तक का विमोचन किया। हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा प्रकाशित की गई यह अपनी तरह की पहली पुस्तक है।
इस पुस्तक में प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों की जानकारी विस्तार से दी गई है। इसमें गुड़गांव, पानीपत, कुरूक्षेत्र, हिसार, पंचकूला, चंड़ीगढ़ व इनके आसपास स्थित पर्यटन केन्द्रों तथा ऐतिहासिक स्थलों का विवरण दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पर्यटन विभाग की महानिदेशक एवं मुख्यमंत्री की अतिरिक्त प्रधान सचिव सुमिता मिश्रा ने बताया कि यह पुस्तक पाठकों को प्रदेश के ऐतिहासिक, धार्मिक तथा सांस्कृतिक जानकारी देने में सहायक होगी। उन्होंने बताया कि कुरूक्षेत्र व आसपास के क्षेत्र में महाभारत के युद्घ से जुड़े स्थलों, पानीपत की भूमि तीन लड़ाइयों के लिए प्रसिद्घ है।
उन्होंने बताया कि पुस्तक में मिलेनियम सिटी गुड़गांव, ओद्यौगिक क्षेत्र फरीदाबाद और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ के विषय में पूर्ण जानकारी होगी। इसमें सुरजकूंड क्राफ्ट मेला, हाईवे पर्यटन, फॉर्म पर्यटन तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई है।