(हिमाचल के कुल्लू जिला में रघुनाथ मंदिर का प्रवेश द्वार)
चंडीगढ़, कुल्लू। पड़ोसी राज्यों पंजाब व हरियाणा के आस्था के केंद्र भगवान रघुनाथ जी के कुल्लू स्थित प्राचीन मंदिर से उनकी मुख्य मूर्ति सहित पांच अष्टधातु की दुर्लभ मूर्तियों के चारी के मामले में हिमाचल सरकार ने चोरों का सुराग देने वाले को दस लाख रुपए ईनाम देने का ऐलान किया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को रघुनाथ मंदिर में चारी के बाद सिर्फ माता सीता की ही एकमात्र मूर्ति बच पाई है बाकि तमाम मूर्तियों सहित मंदिर से पूजा अर्चना के सोने चांदी के सामान और आभूषण को चोरों ने समेट लिया है। यह घटना सोमवार रात 8 से मंगलवार सुबह पौने आठ बजे के बीच हुई है। चोरी की घटना का पता उस समय चला जब सुबह पौने आठ बजे मंदिर का पुजारी पप्पू पूजा करने के लिए मंदिर में प्रवेश हुआ। जब उसने मंदिर में प्रवेश किया तो वह हक्का बक्का रह गया और उसने तुरंत इसकी सूचना रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह को दी। चोरी हुई इन मूर्तियों व आभूषणों की कीमत अरबों में आंकी जा रही है।
उसके बाद एक के बाद एक मंदिर में कारकूनों और हारियानों ने दस्तक दी और पुलिस को भी इसकी सूचना दी। अब तक मिली जानकारी के अनुसार रघुनाथ की मूर्ति के अलावा हनुमान, सालीग्राम, नरसिंह की अष्टधातु की मूर्ति के अलावा गणेश की चांदी की मूर्ति के साथ करीब एक किलोग्राम सोने के आभूषण और अन्य चांदी के पूजा अर्चना का सामान चोरी हो गया है।
पुलिस ने सील किया मंदिर और रास्ते
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से कार्यकारी उपायुक्त एवं एडीएम विनय ठाकुर, कुल्लू के एसपी सुरिंद्र वर्मा, एएसपी निहाल चंद सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसपी कुल्लू ने कहा कि उन्होंने सूचना मिलते ही पूरे हिमाचल प्रदेश के पुलिस थानों में इसकी सूचना दे दी है और प्रदेश के तमाम बैरियरों को सील कर दिया गया है। जबकि मंदिर को भी पुलिस ने सील कर दिया है और मंडी से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
चोरों ने मंदिर के पीछे से दीवार में लगे सरिए के सहारे छत पर चढऩे के बाद छत पर लगे पत्थर के स्लेट को निकाला और उसके बाद स्लेट के नीचे लगे तख्ते तो काटकर अंदर घुसे। फिर मंदिर की ऊपरली मंजिल से फर्श का एक फटा तोड़ दिया। उसके बाद रस्सी के सहारे आदमी को नीचे उतारा गया और मंदिर के अंदर चोरी की इस घटना को अंजाम दिया। घटना स्थल पर का मुआयना करने पर पुलिस ने यह पाया कि यह कारनामा किए एक या दो आदमी का नहीं है इसमें तीन से अधिक लोग संलिप्त हो सकते हैं। जिन्होंने इस घटना को पूरे सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने सबूतों को कब्जे में लिया
पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल पर मिले सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के हाथ वह रस्सी भी लगी है जिसे चोरों ने इस घटना को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया था। उसके बाद मंदिर के तमाम हिस्से को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है जो छानबीन और फिंगर प्रिंटस लेने में जुट गई है। पुलिस ने डॉग स्कार्ट को भी घटनास्थल पर पहुंचा दिया है और छानबीन शुरू कर दी है।
तस्वीरें देखने के लिए आगे की स्लाइड्स पर कि्लक करें